माधव गौशाला में गो-प्रदक्षिणा जारी, गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष फलदायी
भीलवाड़ा । परम् पूज्य माधव गौ विज्ञान अनुसंधान संस्थान की ओर से नौगांवा में संचालित माधव गौशाला में सुबह 6 से 8 व दोपहर में 2:30 से शाम तक गो-प्रदक्षिणा के लिए गर्भवती महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंच रही है। संस्थान के अध्यक्ष डीपी अग्रवाल ने बताया कि गो परिक्रमा गर्भवती महिलाओं के लिए फलदायी है। गोमाता का दर्शन और उनकी परिक्रमा करने से सात द्वीपों सहित पूरे भूमंडल की परिक्रमा का फल मिलता है। गायें सभी प्राणियों की माता हैं और सभी सुख देने वाली हैं। संतान की कामना करने वाले व्यक्तियों को नित्य गायों की प्रदक्षिणा करनी चाहिए, जिससे उनकी मनोकामना और वांछित फल प्राप्त होते हैं। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के लिए गो-प्रदक्षिणा के विशेष लाभ है। जो गर्भवती महिलाएं गर्भ धारण के दौरान गाय की सात बार परिक्रमा करती हैं, उन्हें विलक्षण संतान की प्राप्ति होती है। ऐसी संतानों की बुद्धि बहुत ही तीव्र होती है और उनका समझ समय से पहले विकसित होता है।