“कम तेल-ज्यादा सेहत” थीम के आधार पर जिलेभर में चलेगी सेहत जागरूकता की मुहिम

Update: 2025-10-06 12:21 GMT

भीलवाडा। आमजन में संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार की मंशानुरूप निरामय राजस्थान अभियान के तहत अक्टूबर माह की थीम “कम तेल-ज्यादा सेहत” पर जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, पंचायत स्तर पर तथा नगर क्षेत्रों में सेमिनार, रैली, कार्यशालाएं, निबंध प्रतियोगिताएं और स्वास्थ्य संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान फिल्ड़ में स्वास्थ्य कार्मिकों की टीमें आमजन को बताएगी कि अधिक तेल का सेवन किस तरह हृदय रोग, मोटापा और मधुमेह जैसी बीमारियों का कारण बनता है तथा संतुलित आहार से कैसे बेहतर स्वास्थ्य पाया जा सकता है।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल ने बताया कि निरामय राजस्थान अभियान के तहत प्रत्येक माह एक अलग थीम निर्धारित की गयी है, जिसके माध्यम से जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर निरंतर जागरूकता फैलाई जाएगी। राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार निरामय राजस्थान अभियान के तहत अक्टूबर माह की थीम “कम तेल-ज्यादा सेहत” निर्धारित की गई है। इस थीम के अन्तर्गत स्वास्थ्य केन्द्रों, स्कूलों, आंगनबाड़ी, जन आरोग्य समितियों, युवा मण्डलों एवं ग्राम पंचायत में सीएचओ, एएनएम व आशा के समन्वय से ब्लॉक व शहरी क्षेत्रों में रैली, स्वास्थ्य वार्ता, निबंध, नाटक आदि कार्यक्रम आयोजित कर जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जायेगी। उन्होंने बताया कि निरामय राजस्थान राज्य सरकार की एक साल तक चलने वाली नवाचार पहल है। अभियान के अन्तर्गत आगामी नवम्बर माह में ‘‘सुपोषित बच्चा-स्वस्थ भविष्य’’ थीम के आधार पर जिलेभर में जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर यह अभियान संचालित होगा। अभियान के सफल आयोजन के लिए जिले के समस्त चिकित्सा अधिकारियों व कार्मिकों को निर्देश दिये जा चुके है।

“कम तेल-ज्यादा सेहत” थीम पर आयोजित की जाने वाली गतिविधियां-

तेल के अत्यधिक सेवन से होने वाले नुकसान पर जागरूकता।

बच्चों, किशोरों व युवाओं को संतुलित आहार के लिए प्रेरित करना।

मोटापा, हृदय रोग व मधुमेह से बचाव हेतु स्वस्थ आहार संदेश।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और घर-घर में स्वस्थ आहार की आदत विकसित करें, ताकि प्रदेश में “निरामय राजस्थान” का लक्ष्य साकार हो सके।

Similar News