चीड़खेड़ा , चारागाह भूमि पर मिला अवैध बजरी का स्टॉक,जब्त

Update: 2025-10-19 15:58 GMT


सहाड़ा (हलचल)। तहसीलदार सहाड़ा के आदेशानुसार शनिवार को ग्राम पंचायत चीड़खेड़ा की चारागाह भूमि पर अवैध बजरी का बड़ा स्टॉक पकड़ा गया। प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बजरी को जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए ग्राम पंचायत को सुपुर्द किया।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत चीड़खेड़ा की खसरा संख्या 4161/538, रकबा 5.23 हेक्टेयर भूमि राजस्व रिकॉर्ड में चारागाह (चराई भूमि) के रूप में दर्ज है। इस भूमि पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से बजरी का स्टॉक डाला गया था।

तहसीलदार सहाड़ा के निर्देश पर आमली के किशन सिंह राणावत, पटवारी राणेश सुथार, ग्राम विकास अधिकारी रमेश चंद्र जीनगर, पुलिस थाना गंगापुर के एएसआई कैलाश चंद्र जीनगर मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। निरीक्षण में पाया गया कि चारागाह भूमि पर करीब 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बराबर बजरी अवैध रूप से ढेर की हुई थी।




 


प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त बजरी को ग्राम पंचायत चीड़खेड़ा के ग्राम विकास अधिकारी रमेश चंद्र जीनगर को सुपुर्द कर दिया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि अगली कार्रवाई तक बजरी को सुरक्षित रखा जाए और किसी भी प्रकार की खुर्द-बुर्द नहीं होने दी जाए।

इसके बाद विकास अधिकारी ने जेसीबी व ट्रैक्टर की मदद से बजरी को ग्राम पंचायत परिसर में डलवाकर सुरक्षित करवाया। यह कार्रवाई पुलिस विभाग, राजस्व विभाग और पंचायत राज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और बजरी भंडारण पर प्रशासन की सख्त नजर है, और चारागाह भूमि या सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा या सामग्री डालने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Similar News