प्रवासी मजदूरों को मतदान के लिए बिहार भेजने की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा। राजस्थान प्रदेश ईट भट्टा मजदूर यूनियन के सचिव शैतान रेगर ने जिला कलेक्टर को पत्र सौंपकर मांग की है कि भीलवाड़ा जिले में काम कर रहे बिहार के प्रवासी मजदूरों को बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए जाने की अनुमति दी जाए और इसके लिए भट्टा मालिकों को पाबंध किया जाए।
रेगर ने पत्र में बताया कि बिहार में 6 और 11 नवम्बर 2025 को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। भीलवाड़ा जिले के ईंट भट्टों पर बिहार के जमुई, नवादा, शेखपुरा और बांका जिलों के करीब छह से सात हजार मजदूर कार्यरत हैं। ईंट भट्टों पर कार्य अवधि अक्टूबर से जून तक रहती है, जिसके दौरान मजदूर बाहर नहीं जा पाते।
उन्होंने बताया कि कई मजदूर अपने गांव जाकर मतदान करना चाहते हैं, लेकिन भट्टा मालिक और ठेकेदार सीजन के बीच में उन्हें जाने की अनुमति नहीं देते। यूनियन ने मांग की है कि प्रशासन सभी भट्टा मालिकों को यह निर्देश दे कि जो भी मजदूर मतदान के लिए बिहार जाना चाहता है, उसे किसी प्रकार की धमकी या दबाव न दिया जाए, ताकि प्रवासी मजदूर भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।