वृन्दावन के 'आनंद जयंती महोत्सव' की दिव्य लहर भीलवाड़ा पहुंची, गूंजेगी गीता जयंती की वाणी
भीलवाड़ा । धर्मनगरी वृन्दावन के पावन 'आनंद जयंती महोत्सव' की आध्यात्मिक गूंज अब भीलवाड़ा तक पहुंच गई है। विश्व-विख्यात संत स्वामी वामदेव जी महाराज के इस महोत्सव के तहत, भीलवाड़ा में श्री राम धाम रामायण मंडल ट्रस्ट के तत्वावधान में गीता जयंती महोत्सव 2025 का दिव्य आयोजन किया जा रहा है। शहर के आध्यात्मिक इतिहास में यह एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रहा है। ट्रस्ट के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश मानसिंहका और सचिव अभिषेक अग्रवाल के निर्देशन में यह भव्य आयोजन 23 नवंबर से शुरू होकर 1 दिसंबर तक चलेगा। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य जन-जन को श्रीमद् भगवद् गीता के ज्ञान से जोड़ना और उनमें आत्मिक शांति का संचार करना है।
महामंडलेश्वर स्वामी अनंत देव जी करेंगे ज्ञान वर्षा
इस नौ दिवसीय महोत्सव में मुख्य वक्ता के रूप में महामंडलेश्वर स्वामी अनंतदेव गिरि महाराज अपनी दिव्य वाणी से ज्ञान वर्षा करेंगे। श्री राम धाम रामायण मंडल के संरक्षक और स्वामी वामदेव ज्योतिर्मठ (श्रीधाम वृंदावन) के संस्थापक महामंडलेश्वर स्वामी जी प्रतिदिन गीता के गूढ़ रहस्यों को सरल भाषा में समझाएंगे।
आयोजन की रूपरेखा के अनुसार, प्रतिदिन चित्रकूट आश्रम, रामधाम सत्संग भवन में प्रातः 8:45 से 9:15 बजे तक श्रीमद् भगवद् गीता का पाठ होगा, जिसके पश्चात प्रातः 9:30 बजे से 10:30 बजे तक स्वामी जी के ओजस्वी प्रवचन होंगे।
संपूर्ण गीता पाठ से होगा समापन
महोत्सव का सबसे महत्वपूर्ण दिन दिसंबर 2025 सोमवार को गीता जयंती के अवसर पर होगा। इस दिन गीता मनीषी प्रोफेसर श्री महावीर जी भट्ट के सान्निध्य में, प्रातः 7 बजे से संपूर्ण गीता का पाठ आयोजित किया जाएगा। इस सामूहिक पाठ में शहर के सैकड़ों श्रद्धालु श्रुति एवं स्मृति मंडल के साथ मिलकर भाग लेंगे, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठेगा।
ट्रस्ट ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से आग्रह किया है कि वे इस विराट आध्यात्मिक यज्ञ में पधारकर धर्मलाभ अवश्य प्राप्त करें और अपने जीवन को भगवद् ज्ञान से आलोकित करें।
