मनरेगा बचाओ आंदोलन के तहत गांव गांव कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
भीलवाड़ा। केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम मनरेगा को कमजोर किए जाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने जिलेभर में आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में 24 जनवरी 2026 को जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा देहात के अध्यक्ष रामलाल जाट के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मांडल सुवाणा द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर जनआंदोलन चलाया गया।
सुबह 11 बजे रिछड़ा ग्राम पंचायत के छापरी गांव से शुरू हुआ यह अभियान बड़ा महुआ, खायडा, सीदडीयास, कोदुकोटा और सुवाणा तक पहुंचा जहां चौपाल सभाओं के माध्यम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।
रामलाल जाट ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा कानून में ऐसे बदलाव करना चाहती है जिससे यह योजना कमजोर हो जाए और भविष्य में समाप्ति की ओर बढ़े। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यों पर 40 प्रतिशत वित्तीय भार डालने की योजना गरीबों और ग्रामीण मजदूरों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि मनरेगा मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा और कांग्रेस की मांग है कि जिस प्रकार सरकारी कर्मचारियों को हर महीने वेतन मिलता है उसी तरह मजदूरों को भी सप्ताहभर में भुगतान हो तथा देरी होने पर ब्याज दिया जाए।
सभा में विधानसभा प्रभारी भगवान मुक्कड़, प्रदेश सचिव शंकरलाल गाडरी, विधानसभा समन्वयक डॉ प्रदीप व्यास, ब्लॉक अध्यक्ष विकास सुवालका, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष भेरूलाल बैरवा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और सरपंचों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर मनरेगा को बचाने का संकल्प लिया।