विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम है केंद्रीय बजट, - बोले पूर्व मंत्री गुर्जर
भीलवाड़ा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट देश को विकसित भारत की दिशा में मजबूती से आगे ले जाने वाला बजट है। यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करता है।
पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर ने बताया कि इस बजट में किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग, स्टार्टअप और गरीब कल्याण पर विशेष फोकस किया गया है। बुनियादी ढांचे के विकास, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल अर्थव्यवस्था को गति देने वाले प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होंगे।
राजस्थान की दृष्टि से भी यह बजट अत्यंत लाभकारी माना जा रहा है। इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, जल प्रबंधन, ऊर्जा, पर्यटन तथा कृषि से जुड़े क्षेत्रों को लेकर की गई घोषणाओं से राजस्थान को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से बड़ा लाभ मिलेगा। इससे राज्य में निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण एवं शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।
भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण विश्वास है कि यह बजट देश के साथ-साथ राजस्थान के समग्र विकास में भी मील का पत्थर सिद्ध होगा। पार्टी की ओर से माननीय वित्त मंत्री को इस जनकल्याणकारी और भविष्यदर्शी बजट के लिए हार्दिक धन्यवाद एवं बधाई दी गई है। विकसित भारत और सशक्त राजस्थान की ओर यह बजट एक मजबूत और निर्णायक कदम माना जा रहा है।