चौधरी के निधन पर परिजनों ने लिया अनुकरणीय निर्णय, दो नेत्रहीनों के जीवन में होगा उजाला
भीलवाड़ा हलचल। 'नेत्रदान महादान' के संकल्प को चरितार्थ करते हुए काशीपुरी निवासी चौधरी परिवार ने दुख की इस घड़ी में मानवता की सेवा की एक मिसाल पेश की है। मांडलगढ़ हाल निवासी काशीपुरी अरविंद सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन के बाद उनकी पत्नी, पुत्र एवं समस्त परिजनों ने मरणोपरांत उनके नेत्रदान करने का पुनीत कार्य किया।
हृदय गति थमने से हुआ निधन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय रतनलाल चौधरी के पुत्र अरविंद सिंह चौधरी का 27 फरवरी 2026 को अचानक हृदय गति थम जाने के कारण निधन हो गया। इस अपार दुख के समय में भी उनकी पत्नी श्रीमती छोटिया देवी और पुत्र विक्रम कुमार चौधरी ने अंधत्व निवारण की दिशा में नेत्रदान का निर्णय लिया।
दो व्यक्तियों को मिलेगी नई रोशनी
मीडिया प्रभारी मनीष बंब ने बताया कि परिवार की सहमति के बाद 'आई बैंक सोसाइटी ऑफ राजस्थान' के नेत्र सहायक चेतन भट्ट ने नेत्रों का उत्सर्जन किया। प्राप्त कॉर्निया को सुरक्षित रूप से आई बैंक सोसायटी जयपुर भिजवाया गया है, जहाँ इसे दो जरूरतमंद नेत्रहीन व्यक्तियों को प्रत्यारोपित कर उनके जीवन को रोशन किया जाएगा।