भीलवाड़ा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब: श्री श्याम मंदिर में संकीर्तन और निशान यात्रा का भव्य आयोजन, छप्पन भोग के साथ सजाई गई झांकी
भीलवाड़ा । धर्मनगरी भीलवाड़ा के प्रमुख आस्था के केंद्र, शास्त्रीनगर सी सेक्टर पार्क स्थित श्री श्याम मंदिर में शुक्रवार को श्री श्याम मंदिर सेवा मण्डल समिति द्वारा संकीर्तन एवं निशान यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा की आराधना कर अपनी श्रद्धा समर्पित की। पूरा क्षेत्र श्याम बाबा के जयकारों से गूंजायमान रहा।
विशेष श्रृंगार और छप्पन भोग
इस अवसर पर श्याम बाबा की प्रतिमा का अत्यंत मोहक विशेष श्रृंगार किया गया था। साथ ही छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई गई, जिसने भक्तों का मन मोह लिया। मंदिर परिसर को फूलों से सजाकर आकर्षक रोशनी की गई थी, जिसे देखने के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में उमड़ पड़े।
निशान यात्रा और महिला मंडल का संकीर्तन
आयोजन की शुरुआत सुबह 8.15 बजे शास्त्रीनगर सी सेक्टर स्थित पार्क से श्याम मंदिर तक निकाली गई भव्य निशान यात्रा के साथ हुई। इसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे महिला मंडल द्वारा संकीर्तन के माध्यम से श्याम बाबा की भक्ति की गई।
सूरत और भीलवाड़ा के गायकों ने बांधा समां
रात 8 बजे से श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। इसमें सूरत के प्रख्यात भजन गायक अमित शेरेवाला एवं भीलवाड़ा की मिताली मानसिंहका ने श्याम बाबा की भक्ति में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो गए। भक्ति का आनंद लेने के लिए शास्त्रीनगर के साथ-साथ भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों श्याम भक्त पहुंचे थे। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
आयोजन की अपार सफलता पर श्री श्याम मंदिर सेवा मण्डल समिति ने सभी भक्तों और सहयोगियों का आभार जताया।
