सिंधी समाज के व्यापारियों का कोतवाली पर प्रदर्शन, मुरली गुर्जर के खिलाफ कार्रवाई की मांग
भीलवाड़ा (पिंकू खोतानी)। शहर के सिंधी समाज के व्यापारियों ने एकजुट होकर कोतवाली थाने पर प्रदर्शन किया और क्षेत्र के मुरली गुर्जर नामक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर रिपोर्ट सौंपी। व्यापारियों का आरोप है कि उक्त व्यक्ति पिछले लंबे समय से उन्हें डरा-धमक़ाकर अवैध वसूली कर रहा है।
पूर्व पार्षद नवीन सिंधी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सिंधी समाज के व्यापारी कोतवाली थाने पहुंचे। व्यापारियों ने बताया कि हाल ही में सतीश नामक एक युवक के साथ अवैध वसूली की बात को लेकर मारपीट की गई, जिससे समाज के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
तीन साल से प्रताड़ना का आरोप
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुरली गुर्जर पिछले 3 सालों से उन्हें लगातार परेशान कर रहा है। व्यापारियों से जबरन रुपयों की मांग की जाती है और मना करने पर उनके साथ अभद्रता व मारपीट की जाती है। नवीन सिंधी ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आरोपी के खिलाफ जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो सिंधी समाज अपना कारोबार पूर्णतः बंद रखकर उग्र आंदोलन करेगा और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेगा।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
इस पूरे मामले पर कोतवाल शिवराज गुर्जर ने बताया कि पीड़ित सतीश की ओर से एक रिपोर्ट प्राप्त हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तथ्यों के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
