गुलाल और जयकारों के बीच निकला ठाकुरजी का भव्य बेवाण, भक्ति में डूबा पूरा गांव

Update: 2026-03-13 18:39 GMT


बड़लियास ( रोशन वैष्णव)

बरूंदनी फूलडोल महोत्सव के अवसर पर कस्बे में ठाकुरजी का भव्य बेवाण पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाला गया। आकर्षक ढंग से सजे बेवाण में विराजित ठाकुरजी की प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। नगर भ्रमण के दौरान भक्तों ने जयकारों के साथ गुलाल उड़ाया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

चांदी के आभूषणों, रंग-बिरंगी फूलों की मालाओं और सुंदर वस्त्रों से सजे ठाकुरजी के बेवाण ने सभी का मन मोह लिया। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद अर्पित किया। भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच बेवाण पूरे गांव में भ्रमण करता रहा।

श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ ठाकुरजी के बेवाण को कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण कराया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया। पूरे गांव में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे तथा समस्त ग्रामवासियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजन के दौरान गांव का माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।

Similar News