राम धाम में महिलाओं ने की दशा माता की पूजा, मांगी सुख समृद्धि एवं खुशहाली
भीलवाड़ा । शहर के हमीरगढ़ रोड स्थित श्री रामधाम में शुक्रवार को दशा माता पर्व के अवसर पर अपार श्रद्धा और भक्ति का संगम देखने को मिला। श्री राम धाम रामायण मंडल ट्रस्ट के तत्वाधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने सामूहिक रूप से दशा माता का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की। सुबह से ही पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी महिलाओं का राम धाम परिसर पहुंचना शुरू हो गया था। महिलाओं ने पीपल के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा अर्चना की और सूती धागे का चक्र बांधकर दशा माता की कथा का श्रवण किया। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने और श्रद्धापूर्वक पूजन करने से घर की दशा सुधरती है और दरिद्रता का नाश होता है। पूजन के दौरान पूरा परिसर 'दशा माता की जय' के उद्घोष से गुंजायमान रहा। श्री राम धाम रामायण मंडल ट्रस्ट के सचिव अभिषेक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महिलाओं की सुविधा के लिए ट्रस्ट द्वारा विशेष प्रबंध किए गए थे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में दशा माता का पूजन नारी के त्याग और परिवार के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। राम धाम परिसर में महिलाओं ने सामूहिक रूप से बैठकर नल-दमयंती की कथा सुनी और एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।