पेयजल संकट के बीच हजारों लीटर पानी व्यर्थ: हलेड रोड पर टेलीकॉम कंपनी की खुदाई से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, प्रशासन मौन
भीलवाड़ा | शहर के भवानी नगर, हलेड रोड स्थित श्री चमत्कार हनुमान मंदिर के सामने (वार्ड संख्या 53) विकास के नाम पर विनाश की तस्वीर सामने आई है। एक निजी टेलीकॉम कंपनी द्वारा केबल डालने के लिए की गई अनियोजित खुदाई के दौरान जलदाय विभाग की मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। आलम यह है कि पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन हजारों लीटर साफ पानी सड़क पर बहकर व्यर्थ जा रहा है।
भीषण गर्मी में पानी के लिए त्राहि-त्राहि, विभाग बेपरवाह
क्षेत्रवासियों ने भारी आक्रोश जताते हुए कहा कि एक ओर गर्मी का पारा चढ़ते ही शहर में जल संकट गहराने लगा है और लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर विभाग की लापरवाही के कारण शुद्ध पेयजल नालियों में बह रहा है। पाइपलाइन में हुए इस लीकेज के कारण क्षेत्र के कई घरों में पानी का प्रेशर भी कम हो गया है, जिससे दैनिक कार्यों में बाधा आ रही है।
सड़कें बनी तालाब, शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
लीकेज के कारण चमत्कार हनुमान मंदिर के सामने की सड़क तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे राहगीरों और श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस संबंध में जलदाय विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार सूचित किया जा चुका है, लेकिन सप्ताह भर बीत जाने के बाद भी मरम्मत के लिए कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची।
क्षेत्रवासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
वार्ड संख्या 53 के निवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कर पानी की बर्बादी नहीं रोकी गई, तो वे जलदाय विभाग के कार्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि कुंभकर्णी नींद में सोया विभाग इस गंभीर समस्या पर कब जागता है।