सवाईपुर: राम कृष्ण कल्कि शक्ति महायज्ञ का भव्य आगाज, 20 बेवाणों और विशाल कलश यात्रा के साथ निकली शोभायात्रा

Update: 2026-03-16 14:57 GMT


सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। सवाईपुर कस्बे के निकटवर्ती बनकाखेड़ा गांव स्थित मोचड़िया के मण्ड देवनारायण भगवान मंदिर प्रांगण में बानोड़ा बालाजी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले श्री राम कृष्ण कल्कि शक्ति महायज्ञ की आज भव्य शुरुआत हुई। विशाल कलश यात्रा और चारभुजा नाथ की शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।

20 बेवाणों का संगम और बुलडोजर से पुष्प वर्षा

श्री बानोड़ा बालाजी सेवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस पांच दिवसीय पंच कुंडीय महायज्ञ के उपलक्ष्य में सोमवार को बनकाखेड़ा सहित ढ़ेलाणा, सोपुरा जाटों का, डसाणिया का खेड़ा, सवाईपुर, सालरिया, ककरोलिया माफी, कंवलियास, चावंडिया और बड़ला गांवों से कुल 20 बेवाणों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

सुबह 9:15 बजे विभिन्न गांवों के चारभुजानाथ मंदिरों से कलश यात्राएं शुरू हुईं, जो दोपहर 12:15 बजे सवाईपुर व बनकाखेड़ा में एकजुट होकर शोभायात्रा के रूप में परिवर्तित हुईं। डीजे, ढोल-नगाड़ों और भजनों की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं का हुजूम जब नेशनल हाईवे से होते हुए देवनारायण गेट पहुंचा, तो वहां बुलडोजर से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।

321 मंगल कलश और शक्ति का प्रदर्शन

कलश यात्रा में 321 महिलाएं और बालिकाएं केसरिया परिधानों में सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल हुईं। युवा और पुरुष श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए झूमते नजर आए। आस्था का यह सैलाब देखते ही बन रहा था।

महायज्ञ का कार्यक्रम: कल से दी जाएगी आहुतियां

17 मार्च (मंगलवार): सुबह पूजा-अर्चना के साथ विधिवत महायज्ञ की शुरुआत होगी, जिसमें जोड़े आहुतियां देंगे।

21 मार्च (पूर्णाहुति): दोपहर 2:15 बजे भगवान श्री चारभुजा नाथ और यज्ञ लक्ष्मी का पाणिग्रहण संस्कार (विवाह) आयोजित किया जाएगा।

विशेष आकर्षण: महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन रात्रि को भव्य भजन संध्या और बगड़ावत कथा का आयोजन होगा।

बानोड़ा बालाजी सेवा मंडल के सदस्यों ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के भक्तों में भारी उत्साह है और पांचों दिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

Similar News