माहेश्वरी समाज का मंथन: 15-20 साल बाद की चुनौतियों के लिए आज से हों तैयार- रामपाल सोनी

Update: 2026-03-16 14:54 GMT


चित्तौड़गढ़  दक्षिणी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा की कार्यकारी मंडल की महत्वपूर्ण बैठक चित्तौड़गढ़ जिले के भीचोर स्थित सोमानी रिसोर्ट में आयोजित की गई। बैठक में समाज के उत्थान, आगामी चुनाव और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश गग्गड और संयुक्त मंत्री कैलाश मंत्री ने अतिथियों का स्वागत किया।




 


परिवर्तन को स्वीकार करना जरूरी

महासभा के पूर्व सभापति और मार्गदर्शक रामपाल सोनी ने समाजजनों को सकारात्मक संदेश देते हुए कहा कि समय के साथ बदलाव को स्वीकार करना अनिवार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि 15-20 साल बाद आने वाली चुनौतियों के लिए समाज को आज से ही मानसिक और संगठनात्मक रूप से तैयार रहना होगा।

ट्रस्टों और योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुँचे

प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चेचानी ने समाज के 48 प्रमुख एवं सहयोगी ट्रस्टों की जानकारी साझा की। उन्होंने जाजू ट्रस्ट और बांगड़ मेडिकल ट्रस्ट के कार्यों का विवरण देते हुए आह्वान किया कि इन सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। राष्ट्रीय अर्थ मंत्री राजकुमार कालिया और संयुक्त मंत्री जगदीश प्रसाद कोगटा ने भी महासभा की विभिन्न योजनाओं और शिक्षा सहयोग केंद्र के कार्यों की जानकारी दी।

डिजिटल चुनाव और मॉडल विधान पर चर्चा

फैमिली आईडी से चुनाव: प्रदेश एडमिन देवेंद्र सोमानी ने बताया कि 31 जनवरी 2026 तक जारी फैमिली आईडी के आधार पर ही आगामी चुनाव होंगे। उन्होंने माहेश्वरी पत्रिका की सदस्यता बढ़ाने और डेटा सुधार पर बल दिया।

मॉडल विधान: प्रदेश मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने स्पष्ट किया कि चित्तौड़गढ़ जिले के चुनाव महासभा के 'मॉडल विधान' के अनुसार ही होंगे। ग्राम स्तर से जिला स्तर तक श्रृंखलाबद्ध संगठन खड़ा करने पर सहमति बनी।

चुनावी समिति: आगामी सत्र के चुनावों के लिए सदन ने सर्वसम्मति से पांच नामों की चयन समिति को स्वीकृति प्रदान की।

प्रगति विवरण और श्रद्धांजलि

बैठक में कोषाध्यक्ष दीनदयाल मारू ने आय-व्यय का विवरण पेश किया, जिसे ध्वनि मत से पारित किया गया। निर्वातमान प्रदेश अध्यक्ष कैलाश कोठारी ने भी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय होने का आग्रह किया। बैठक के अंत में दिवंगत माहेश्वरी बंधुओं को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। प्रदेश मंत्री रामगोपाल सोमानी ने सभी का आभार व्यक्त किया और राष्ट्रगान के साथ बैठक संपन्न हुई।

Similar News