महादेव मंदिर में नंदी की मूर्ति तोड़ी, पार्वती की मूर्ति व हनुमानजी का गोटा कुंड में फैंका, ग्रामीणों में रोष
बरुंदनी अभिषेक शर्मा। बीगोद थाने के बरुंदनी गांव के कुंड के महादेव मंदिर में बीती रात अज्ञात लोगों ने नंदी की पत्थर निर्मित मूर्ति तोड़ दी और मां पार्वती की मूर्ति को कुंड में डाला दिया । सुबह दर्शन करने मंदिर गये ग्रामीणों को घटना का पता चला तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये और पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
ग्रामीण घनश्याम तेली के मुताबिक , रोजाना की तरह गुरुवार सुबह वे, भगवान के दर्शन करने कुंड के महादेव मंदिर गये। जहां मंदिर के बाहर बरामदे में स्थित नंदी की मूर्ति से नंदी का मुंह टूटा हुआ था। इसके अलावा मंदिर में स्थित मां पार्वती की मूर्ति और हनुमान जी की मूर्ति के पास रखा गोटा व पूजा के सामान भी गायब थे, जो बाद में कुंड में मिले। यह स्थिति देखकर तेली ने गांव में जाकर ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद यह खबर सोशल मीडिया के जरिये गांव में फैल गई। बड़ी संख्या में लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीण बरुंदनी चौकी पर जुट गये। ग्रामीण, इस कृत्य में लिप्त अज्ञात लोगों का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
सहायक उप निरीक्षक सत्यनारायण वैष्णव बाद में पुलिस जाब्ते के साथ बरुंदनी पहुंचे और मौका देखा। वैष्णव ने इस मामले में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने का ग्रामीणों का आश्वासन दिया। साथ ही ग्रामीणों से शांति बनाये रखने की अपील की। इस दौरान भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्यामलाल अहीर, गौतम तिवारी, विश्व हिंदू परिषद के शिव कुमार भट्ट ,गोविंद पालीवाल, बसंती लाल सोनी, शिव अहीर, लादू लाल वैष्णव सहित कई ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।