कालू खेड़ा पशु चिकित्सालय में चोरी, लैपटॉप व जरूरी रिकॉर्ड उड़ाए, दस्तावेज फाड़कर मचाया हड़कंप

Update: 2026-02-10 14:16 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के कालू खेड़ा स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने बेखौफ होकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर अस्पताल के कार्यालयों के ताले तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे लैपटॉप, जरूरी उपकरण तथा विभागीय रिकॉर्ड से जुड़े कागजात लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, कई महत्वपूर्ण फाइलों और दस्तावेजों को मौके पर ही फाड़ दिया गया, जिससे विभागीय कामकाज पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

सुबह ड्यूटी पर पहुंचे पशु चिकित्सा कर्मी कुलदीप सेन को चोरी का पता चला। उन्होंने देखा कि कार्यालय के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। अलमारियों के दरवाजे खुले मिले, फाइलें फर्श पर बिखरी हुई थीं और रिकॉर्ड रजिस्टर क्षतिग्रस्त हालत में थे। चोरी गए लैपटॉप और उपकरणों में उपचार एवं प्रशासनिक कार्यों से जुड़ा अहम डेटा होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे विभाग को भारी नुकसान पहुंचने की संभावना है।

घटना की सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पशु चिकित्सालय परिसर का गहन निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में संभावित मार्गों की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। मौके से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

पशु चिकित्साकर्मी सेन की ओर से मांडल थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं और सरकारी परिसरों में रात के समय निगरानी को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

Similar News

कांस्टेबल की वर्दी दागदार,: तीन हजार की रिश्वत लेते एसीबी के हत्थे चढ़ा