खत्री कॉलोनी में दूषित पानी की समस्या: सीएम हेल्पलाइन की शिकायत के बाद भी नहीं हुआ सुधार
पीने के पानी में नलों में आए कीड़े छोटे सपोले?
भीलवाड़ा। शहर के शास्त्री नगर स्थित खत्री कॉलोनी के वाशिंदे पिछले आठ दिनों से नलों में आ रहे प्रदूषित, बदबूदार और मटमैले पानी से त्रस्त हैं। स्थानीय निवासी खेमचन्द साधवानी ने बताया कि कॉलोनी में गत 27 फरवरी से ही पीने के पानी की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है।
एक दिन राहत के बाद फिर वही हाल
दूषित जलापूर्ति से परेशान होकर क्षेत्रवासियों ने 4 मार्च को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 181 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के महज एक घंटे के भीतर ही जलदाय विभाग (वाटर वर्क्स) के अधिकारियों ने कागजों में सुधार का दावा करते हुए रिपोर्ट लगा दी। आश्चर्य की बात यह है कि 4 मार्च को केवल एक दिन साफ पानी आया, लेकिन 5 मार्च से स्थिति फिर जस की तस हो गई।
बीमारियों का मंडरा रहा खतरा
कल 6 मार्च को दोबारा सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई गई है, लेकिन अभी तक न तो विभाग की ओर से कोई संतोषजनक जवाब मिला है और न ही पानी की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। नलों में आ रहे बदबूदार पानी के कारण कॉलोनी में बीमारियां फैलने का भय व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने जलदाय विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इस समस्या का शीघ्र स्थाई समाधान किया जाए ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो।