जसवंतपुरा-बालेसरिया सड़क कार्य दो माह से ठप, उड़ती धूल और उछलती गिट्टियों से ग्रामीण बेहाल
बेरा (भेरुलाल गुर्जर)। जसवंतपुरा चौराहे से जसवंतपुरा गांव और वहां से बालेसरिया तक सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाई जा रही डामरीकरण सड़क का कार्य पिछले दो महीनों से अधर में लटका हुआ है। ठेकेदार द्वारा सड़क पर गिट्टी डालकर काम बंद कर देने से अब यह मार्ग राहगीरों और ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बिछी ढीली गिट्टियों और उड़ती धूल के कारण दोपहिया वाहन चालक और पैदल चलने वाले लोग आए दिन चोटिल हो रहे हैं। तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के टायरों से गिट्टियां उछलकर राहगीरों के सिर और शरीर पर लगती हैं, जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। धूल के गुबार से दृश्यता कम होने के कारण भी एक्सीडेंट हो रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि कार्य बंद हुए दो माह बीत जाने के बाद भी न तो विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान दे रहे हैं और न ही ठेकेदार काम शुरू करने की जहमत उठा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क फिलहाल 'राम भरोसे' है और धूल-मिट्टी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द डामरीकरण कार्य पूर्ण करवाने की मांग की है।