कोठारी का विधानसभा में रिकॉर्ड: भीलवाड़ा के सर्वाधिक प्रश्न उठाने वाले पहले विधायक बने

Update: 2026-03-16 12:36 GMT

 भीलवाड़ा |  भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में जनहित के मुद्दों को लेकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विधानसभा के इस सत्र में भीलवाड़ा जिले और प्रदेश के विकास के लिए सर्वाधिक 137 प्रश्न उठाकर वे भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के इतिहास में पहले स्थान पर आ गए हैं।

प्रश्नों का लेखा-जोखा: एक नज़र में

विधायक कोठारी द्वारा उठाए गए कुल 137 विषयों का विवरण इस प्रकार है:

तारांकित प्रश्न: 37

अतारांकित प्रश्न: 55

पर्ची के माध्यम से: 18

स्थगन प्रस्ताव (नियम 50): 14

ध्यानाकर्षण (नियम 131): 10

विशेष उल्लेख (नियम 295): 3

प्रमुख मुद्दे: न्यास लॉटरी से लेकर पत्रकार हितों तक

विधायक कोठारी ने सदन में भीलवाड़ा के बहुचर्चित नगर विकास न्यास (UIT) भूखंड लॉटरी, जिंदल शॉ, और 100 फीट रोड जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने पत्रकार हितों, अधिवक्ता समुदाय की मांगों, जैन संतों के विहार हेतु भूमि आवंटन, गौशाला अनुदान और घुमंतू समाज के आवासीय पट्टों के विषयों को भी प्रमुखता से रखा।

विकास और जनसुविधाओं पर जोर

स्वास्थ्य: महात्मा गांधी चिकित्सालय व सैटेलाइट अस्पताल में रिक्त पदों की पूर्ति और फूड टेस्टिंग लैब की स्थापना।

शिक्षा: जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत, तकनीकी शिक्षा का विस्तार और महाविद्यालयों में रानी लक्ष्मीबाई केंद्रों की स्थापना।

नगर विकास: वर्षा जल निकासी के लिए नालों का निर्माण, पार्कों का विकास और कच्ची बस्तियों का नियमितीकरण।

कृषि: किसानों को खाद की उपलब्धता, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद और चारागाह भूमि संरक्षण।

विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि जनता की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार इन मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेकर भीलवाड़ा की जनता को जल्द राहत प्रदान करेगी।

Similar News