तरुण खटीक हत्याकांड: इंसाफ की गूँज अब राष्ट्रपति भवन तक; भीलवाड़ा में खटीक समाज ने सौंपा जिला कलेक्टर को ज्ञापन
भीलवाड़ा (हलचल)। दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में होली के दिन हुई तरुण खटीक की निर्मम हत्या के विरोध में अब देशभर के खटीक समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी कड़ी में सोमवार को “राष्ट्रीय समृद्ध खटीक समाज सेवा संस्थान, राजस्थान” के बैनर तले भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस जघन्य हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
मामूली विवाद और बेरहमी से कत्ल
ज्ञापन में बताया गया कि 4 मार्च 2026 को होली के अवसर पर दिल्ली के उत्तम नगर में पानी के गुब्बारे फेंकने जैसे मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इसमें 26 वर्षीय होनहार युवक तरुण खटीक की सरेआम पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। समाज का आरोप है कि इस घटना में कई हमलावर शामिल थे, लेकिन पुलिस अब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने में नाकाम रही है, जिससे पीड़ित परिवार और पूरे समाज में असुरक्षा का माहौल है।
प्रमुख मांगें: 1 करोड़ का मुआवजा और सरकारी नौकरी
SIT या CBI जांच: प्रकरण की पारदर्शिता के लिए उच्च स्तरीय विशेष जांच दल (SIT) या केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) से जांच कराई जाए।
फास्ट ट्रैक कोर्ट: दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो।
आर्थिक संबल: पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
संपत्ति पर कार्रवाई: दोषियों की अवैध संपत्तियों पर विधि सम्मत कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाए।
समाज की चेतावनी: न्याय न मिला तो होगा बड़ा आंदोलन
संस्थान के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तरुण खटीक की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द पर हमला है। यदि केंद्र और दिल्ली सरकार ने शीघ्र ही पीड़ित परिवार को न्याय नहीं दिलाया और फरार आरोपियों को नहीं पकड़ा, तो समाज देशभर में उग्र आंदोलन के लिए विवश होगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और दिल्ली के मुख्यमंत्री को भी प्रेषित की गई है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
