नगर निगम की बड़ी स्ट्राइक:: 22 किलो प्लास्टिक जब्त, अतिक्रमण पर चला पीला पंजा और लाखों की वसूली
भीलवाड़ा। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार भीलवाड़ा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान मंगलवार को भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। निगम की विभिन्न टीमों ने एक साथ प्लास्टिक बैग, गंदगी फैलाने वालों और अतिक्रमणकारियों पर धावा बोला।
प्लास्टिक के खिलाफ जंग: 21,500 का जुर्माना
निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के लिए 9 से 28 फरवरी तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 फरवरी को 22 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त कर 21,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। बता दें कि इस अभियान में अब तक कुल 1184 किलो प्लास्टिक जब्त कर 2.72 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।
75 प्रतिष्ठानों से हटा अतिक्रमण, नाली-सड़क की मरम्मत शुरू
अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगम ने रेलवे फाटक के पास, मुरली विलास रोड और सेवा सदन रोड पर 75 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। आयुक्त ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़क और नालियों का पुनर्निर्माण निगम द्वारा तीव्र गति से कराया जा रहा है। सड़क और नाली के बीच की कच्ची जगह को भी पक्का किया जाएगा ताकि भविष्य में अतिक्रमण न हो सके।
गंदगी फैलाने वालों पर गिजी गाज, राजस्व वसूली तेज
स्वच्छ भारत मिशन के तहत सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वाले 119 व्यक्तियों पर 58,500 रुपये का दंड लगाया गया। अब तक कुल 4.86 लाख रुपये गंदगी फैलाने वालों से वसूले जा चुके हैं। वहीं, राजस्व विभाग ने कार्यवाही करते हुए 1.89 लाख रुपये का नगरीय विकास कर (UD Tax) भी वसूला। अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 84.58 लाख रुपये का टैक्स जमा किया जा चुका है। निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
