कोठारी नदी से अवैध बजरी परिवहन करते 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
भीलवाड़ा। जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सदर थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कोठारी नदी क्षेत्र में दबिश देकर अवैध बजरी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
सदर थाने के हेड कांस्टेबल जयप्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि सुवाना और पुरावतों का अकोला के बीच कोठारी नदी के पेटे में अवैध खनन की गतिविधियां चल रही हैं।
मौके से भागे चालक, तलाश जारी
सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चिन्हित स्थान पर छापेमारी की। मौके पर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध बजरी भरकर ले जाते हुए पाए गए। पुलिस टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक अपने वाहनों को छोड़कर झाड़ियों और खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अपने कब्जे में लिया और सदर थाने लाकर खड़ा किया।
मामला दर्ज, मालिकों की पहचान शुरू
पुलिस ने इस मामले में अवैध खनन और परिवहन की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फरार चालकों और ट्रैक्टर मालिकों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।