भीलवाड़ा: ठेकेदार की लापरवाही से जनता बेहाल, घरों में पहुंच रहा नालियों का गंदा पानी
भीलवाड़ा। शहर के मध्य स्थित छीपा बिल्डिंग रोड इन दिनों अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। ठेकेदार की घोर लापरवाही के चलते यहां के निवासियों और राहगीरों का जीना मुहाल हो गया है। आलम यह है कि विकास के नाम पर खोदी गई नालियों ने लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है।
मलबे के ढेर से लगा जाम, निर्माण सामग्री ने बढ़ाई आफत
सड़क पर नाली खुदाई के बाद मिट्टी को हटाया नहीं गया और उसके ऊपर ही निर्माण सामग्री डाल दी गई। इसके चलते पूरी सड़क संकरी हो गई है और यहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। पैदल चलने वालों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार को बार-बार कहने के बावजूद मलबे को हटाने की जहमत नहीं उठाई जा रही है।
टूटी पाइप लाइन: नलों में आ रहा बदबूदार पानी
नाली खुदाई के दौरान ठेकेदार के कार्मिकों ने पानी की पाइप लाइनों को जगह-जगह से क्षतिग्रस्त कर दिया है। स्थिति इतनी विकट है कि पाइप लाइनों में नालियों का गंदा और दूषित पानी मिल रहा है, जो अब सीधे लोगों के घरों में सप्लाई हो रहा है। दूषित पानी के सेवन से क्षेत्र में महामारी फैलने का डर बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो 'इंदौर जैसी त्रासदी' की पुनरावृत्ति यहां भी हो सकती है।
ठेकेदार की दबंगई: "काम करेंगे तो नल तो टूटेंगे ही"
जब इस अव्यवस्था को लेकर ठेकेदार गुलशन कुमार से बात की गई, तो उन्होंने जिम्मेदारी लेने के बजाय बेहद गैर-जिम्मेदाराना जवाब दिया। ठेकेदार ने लापरवाही पूर्वक दो टूक कहा कि, "काम करेंगे तो नल तो टूटेंगे ही।" ठेकेदार के इस अडिग और संवेदनहीन रवैये को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। अब देखना यह है कि नगर निगम और संबंधित विभाग इस लापरवाह कार्यशैली पर क्या कार्रवाई करते हैं।