भीलवाड़ा। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की टीमों ने प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई में पटेल नगर और ट्रांसपोर्ट नगर से कुल 1000 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग जब्त किए गए। इस कार्रवाई ने शहर में प्लास्टिक कारोबार से जुड़े व्यापारियों में खलबली मचा दी।
पहली कार्रवाई वार्ड नंबर 6, पटेल नगर स्थित एक गोदाम में की गई। नगर निगम के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक संजय खोखर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में भारी मात्रा में प्लास्टिक बैग बरामद हुए। जब उनका वजन किया गया तो यह लगभग एक हजार किलोग्राम निकला। गोदाम से जब्त बैगों को आगे की कार्रवाई के लिए सुरक्षित कर लिया गया। इस टीम में एसआई राजेश गोरन, जमादार जितेंद्र, परमेश्वर और कार्तिक सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।
दूसरी कार्रवाई ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में हुई। नगर निगम की दूसरी टीम ने सर्च अभियान चलाकर लगभग 500 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक और सिंगल यूज प्लास्टिक बरामद किया। इस अभियान में स्वास्थ्य निरीक्षक रितेश कुमार मल्होत्रा, जमादार विजय कोटियाणा, सूरज कुमार, लोट नटवर और चनाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने स्थानीय दुकानों और गोदामों की तलाशी ली, जहां प्रतिबंधित सामग्री छिपाकर रखी गई थी।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा पूर्ण रूप से प्रतिबंधित ये प्लास्टिक उत्पाद पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए घातक हैं। इन कार्रवाइयों से प्रतिबंधित प्लास्टिक की सप्लाई चेन पर अंकुश लगेगा। कुल 1000 किलो प्लास्टिक जब्त होने के बाद कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।