जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जहाजपुर उपखंड अधिकारी को दिया ज्ञापन, नरेगा व सड़कों की मांग तेज
शक्करगढ़। शक्करगढ़ मंडल की छह ग्राम पंचायतों में पिछले 8 माह से बंद पड़ी महात्मा गांधी नरेगा योजना को पुनः शुरू कराने, जर्जर ग्रामीण सड़कों की स्वीकृति, शिक्षा-स्वास्थ्य एवं पेयजल समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण सेन के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। यह ज्ञापन उपखंड अधिकारी जहाजपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री, जयपुर को प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि शक्करगढ़ मंडल की ग्राम पंचायत बाकरा, शक्करगढ़, बेइ, बरोदा, किशनगढ़ एवं टीटोड़ा जागीर में नरेगा कार्य पूरी तरह ठप हैं, जिससे ग्रामीणों के सामने गंभीर रोजगार संकट खड़ा हो गया है। निर्धारित 100 दिवस का रोजगार पिछले दो वर्षों से नहीं मिल पाने के कारण गरीब व श्रमिक वर्ग को मजबूरी में पलायन करना पड़ रहा है।
साथ ही मंडल की अधिकांश ग्रामीण सड़कों की हालत अत्यंत खराब बताई गई। कई मार्ग वर्षों से स्वीकृति के अभाव में नहीं बन पाए, जिससे किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और मरीजों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। ज्ञापन में शक्करगढ़-बाकरा, बाकरा-टीटोड़ा जागीर, शक्करगढ़-उतरना, बेइ चौराहे से ब्रिज की डूंगरिया होते हुए माना का बरडा, देवरी माता से ग्राम पंचायत बेइ, शक्करगढ़ वाया बरोदा-तलोदा, शक्करगढ़-जौजर, टीटोड़ा जागीर-मेवासा तथा टीटोड़ा जागीर-अडीमल जी का खेड़ा सहित कई नई सड़कों की शीघ्र स्वीकृति की मांग की गई।
शिक्षा विभाग को लेकर बताया गया कि हालिया तबादलों के कारण विद्यालयों में शिक्षक पद रिक्त हो गए हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। परीक्षा से पूर्व किए गए स्थानांतरण से बच्चों के भविष्य पर असर पड़ने की आशंका जताई गई। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी चिंताजनक बताई गई—टीटोड़ा जागीर और शक्करगढ़ अस्पतालों के स्टाफ को डेप्युटेशन पर अन्यत्र भेजे जाने से ग्रामीणों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है।
इसके अतिरिक्त चंबल पेयजल योजना का लाभ मंडल के कई राजस्व गांवों तक नहीं पहुंचने से पेयजल संकट गहराने की बात कही गई। ज्ञापन में नरेगा तत्काल शुरू कर 100 दिवस का रोजगार सुनिश्चित करने, सभी प्रस्तावित सड़कों की स्वीकृति, विद्यालयों में शिक्षक नियुक्ति, अस्पतालों में स्टाफ की यथास्थान तैनाती तथा चंबल पेयजल योजना का लाभ सभी गांवों तक पहुंचाने की मांग की गई।
प्रतिलिपि राजस्थान के राज्यपाल तथा भीलवाड़ा जिला कलेक्टर को भी भेजी गई। ज्ञापनकर्ताओं ने जनहित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को राहत देने की उम्मीद जताई इस दौरान कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण सेन , जीएसएस अध्यक्ष बाबूलाल मीना ,कांग्रेस नेता अनिल उपाध्याय , बाबूलाल खटीक, लालाराम गुर्जर ,भेरू जोशी , परमेश्वर मेघवंशी ,किशन गुर्जर , महावीर सेन सहित 6 पंचायतों के ग्रामीण मोजूद रहे
