करंट से घायल वानर की उपचार के दौरान मौत, ग्रामीणों ने किया अंतिम संस्कार
भीलवाड़ा। पुर रोड पर बिल्लियां करणी सेना कार्यालय के पास सड़क किनारे लगी विद्युत कैंची की चपेट में आने से एक वानर गंभीर रूप से घायल हो गया। करंट लगने से वह वानर नीचे सड़क पर गिर पड़ा, जहां गिरते ही कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया और उसे और अधिक चोटें आईं।
घटना के समय मौके पर मौजूद मनोहर लाल छीपा और उनके साथियों ने कुत्तों को भगाया। इसके बाद अरविन्द शुक्ला ने श्री राम गौसेवा समिति को सूचना दी। समिति के सदस्य राम लखन वानर को पशु चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पंचमुखी उपचार केंद्र तेलीखेड़ा ले जाया गया।
उपचार के दौरान वानर ने दम तोड़ दिया। मृत्यु के बाद पुर रोड स्थित रिकॉ फील्ड में बिल्लियां गांव के ग्रामीणों द्वारा वानर का पूरे मान-सम्मान के साथ दाह संस्कार किया गया। इस मौके पर अरविन्द शुक्ला, मनोहर लाल, प्रहलाद, टिंकू सिंह, भेरू लाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।