आसींद: हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नव संवत्सर, विशाल शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
आसींद (मंजूर)। कस्बे में हिंदू नव वर्ष 'विक्रम संवत 2083' का पर्व बड़े ही धूमधाम और सनातनी परंपरा के साथ मनाया गया। सनातन धर्म उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे कस्बे को केसरिया रंग में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें सर्व समाज और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
महंत और जनप्रतिनिधियों के सानिध्य में भव्य आयोजन
उत्सव का मुख्य आकर्षण गुर्जर समाज के अंतरराष्ट्रीय तीर्थ स्थल श्री सवाई भोज भगवान देवनारायण मंदिर के महंत श्री श्री 1008 सुरेश दास जी महाराज का सानिध्य रहा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक जब्बर सिंह सांखला, सनातन धर्म उत्सव समिति के संयोजक दिनेश कुमार सोनिवाल, पार्षद सत्येंद्र सिंह चौहान, भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल सिंह तंवर, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष फौजमल गुर्जर और ज्ञान चंद हरवानी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र रही झांकियां
विशाल शोभायात्रा स्थानीय बस स्टैंड से प्रारंभ हुई, जिसका कस्बे के मुख्य मार्गों पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा में 'कच्ची घोड़ी' गैर नृत्य और भगवान शिव की जीवंत झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में मातृशक्ति केसरिया साफा बांधकर सम्मिलित हुई, जिससे शोभायात्रा की सुंदरता और भी बढ़ गई। सुरक्षा की दृष्टि से आसींद थाना पुलिस का भारी जाप्ता पूरे मार्ग पर तैनात रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।