भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के प्राकट्योत्सव के उपलक्ष में शहर में मनाए जा रहे 10 दिवसीय चेटीचंड महापर्व के अंतर्गत पांचवें दिन रविवार 15 मार्च को सिंधी समाज के शिक्षाविदों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
सिंधी समाज के मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने बताया कि यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के निकट स्थित दादा हेमराजमल भगत झूलेलाल सनातन मंदिर में पूज्य हेमराजमल साहब सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसमें समाज के शिक्षण क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षाविदों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चेटीचंड महापर्व के सभी कार्यक्रमों को लेकर समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है। महापर्व के तहत आज दोपहर वरिष्ठ समाजजनों की अगुवाई में शाम की सब्जी मंडी स्थित झूलेलाल साहेब मंदिर में पूज्य बहराणा साहब की स्थापना कर पवित्र ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके बाद भजन-संगत, गीत-संगीत, पुष्प वर्षा, नृत्य, महाआरती, पल्लव अरदास, छेज खेल और प्रसादी वितरण सहित कई धार्मिक एवं सामाजिक अनुष्ठान आयोजित कर भगवान झूलेलाल का आव्हान किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के भगत टेऊंराम, वरिष्ठ समाजसेवी महेश खोतानी, गुलशनकुमार विधानी, रामचंद्र खोतानी, नानकराम जेठानी, हरीश सखरानी, लेखराज, ताराचंद ओडवानी सहित कई समाजसेवियों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।