'द केरल स्टोरी 2' देख मातृशक्ति ने लिया लव जिहाद रोकने का संकल्प, 470 बेटियों और महिलाओं ने जानी हकीकत
भीलवाड़ा। प्रदेश और देश भर में बढ़ती लव जिहाद की घटनाओं पर आधारित फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' को लेकर भीलवाड़ा में खासा उत्साह देखा गया। विश्व हिंदू परिषद और दुर्गा वाहिनी के तत्वाधान में शहर की करीब 470 बालिकाओं और महिलाओं ने एक साथ इस फिल्म को देखा और इसकी सराहना की। इस दौरान मातृशक्ति ने देश में बढ़ते धर्मांतरण और लव जिहाद के खतरों के प्रति आमजन को जागरूक करने का बीड़ा उठाया।
महानगर सह संयोजिका एडवोकेट भारती आसनानी ने बताया कि इस मूवी को दिखाने का मुख्य उद्देश्य बहनों और माताओं में जन जागृति पैदा करना है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है, जिसमें राजस्थान, एमपी और यूपी की घटनाओं का चित्रण किया गया है। आसनानी ने अभिभावकों से अपील की कि वे कोचिंग जाने वाली अपनी बेटियों की सोशल मीडिया लाइफ और फ्रेंड सर्कल पर नजर रखें ताकि उन्हें ऐसे खतरों से बचाया जा सके।
चित्तौड़गढ़ दुर्गा वाहिनी प्रांत सह संयोजिका प्रीति साहू ने केंद्र सरकार से इस फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग की। उन्होंने कहा कि फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक बेटी की सजगता से जेहादी साजिश का पर्दाफाश होता है। उन्होंने आह्वान किया कि अभिभावक अपनी बेटियों को दुर्गा वाहिनी की शाखाओं में भेजें ताकि वे आत्मरक्षा के गुण सीख सकें और वैचारिक रूप से मजबूत बनें।
मूवी देखने पहुंची अवनी डाड ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह फिल्म समाज के लिए एक बड़ा संदेश है। इसमें दिखाया गया है कि किस तरह युवाओं को बरगलाकर उनका शोषण किया जाता है। सभी उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में लव जिहाद जैसी घटनाओं को रोकने और अपनी संस्कृति की रक्षा करने का संकल्प लिया।