आसींद में किराना एवं जनरल व्यापार संघ का वार्षिक अधिवेशन संपन्न,मेवाड़ा बने निर्विरोध अध्यक्ष
भीलवाड़ा। आसींद में किराना एवं जनरल व्यापार संघ का वार्षिक अधिवेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में आगामी वित्त वर्ष के लिए अध्यक्ष पद हेतु चुनाव कराए गए, जिसमें रोशन लाल मेवाड़ा को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।
अधिवेशन के दौरान अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की गईं। आशीष नाहर को कोषाध्यक्ष और देवेन्द्र वैष्णव को मंत्री पद पर नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों के चयन पर उपस्थित व्यापारियों ने हर्ष व्यक्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। व्यापारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत करने की अपेक्षा भी जताई।
इस अवसर पर आसींद क्षेत्र के समस्त किराना व्यापारी और व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। प्रमुख उपस्थितियों में व्यापार मंडल अध्यक्ष पारसमल गुर्जर, तेजमल रांका, राजकुमार रांका, तेजमल छिपा, पारसमल ओसवाल, गौतम ओसवाल और सुशील रांका शामिल थे।
अधिवेशन में व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, संगठनात्मक मजबूती और आगामी योजनाओं पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया। सभी ने मिलकर संगठन को और प्रभावी बनाने तथा व्यापारियों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रयास करने का संकल्प लिया।