चामुंडा गैस एजेंसी का विधायक कोठारी ने किया निरीक्षण
भीलवाड़ा।विधायक अशोक कुमार कोठारी ने सोमवार को नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण डाड के साथ पंचवटी स्थित चामुंडा गैस एजेंसी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गैस एजेंसी पर मौजूद उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
विधायक कोठारी ने रसोई गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था, उपभोक्ताओं को हो रही सुविधा-असुविधा तथा एजेंसी की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान कई उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की उपलब्धता और समय पर आपूर्ति को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
विधायक कोठारी ने एजेंसी संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को नियमित, समयबद्ध और सुचारु रूप से रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि रसोई गैस आम परिवार की दैनिक आवश्यकता से जुड़ा विषय है, इसलिए इसकी आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आमजन की मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।