भीलवाड़ा। भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान के समर्थन में जिले में जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल विवाह अधिनियम की जानकारी के प्रचार-प्रसार के लिए बाल विवाह मुक्ति रथ का शुभारंभ किया गया।
बाल अधिकारिता विभाग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक धर्मराज प्रतिहार ने बताया कि जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन अलायंस के सहयोगी नवाचार संस्थान द्वारा यह जागरूकता गतिविधि आयोजित की जा रही है। बाल विवाह मुक्ति रथ भीलवाड़ा जिले के गांव-गांव जाकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानून की जानकारी देगा, ताकि बाल विवाह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इस अवसर पर बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक धर्मराज प्रतिहार, गौरव सारस्वत, अधीक्षक राजकीय संप्रेक्षण गृह, चंद्रकला ओझा अध्यक्ष बाल कल्याण समिति, विनोद राव सदस्य बाल कल्याण समिति, अनुराधा तोलंबिया संरक्षण अधिकारी जिला बाल संरक्षण इकाई, अरुण कुमावत सचिव नवाचार संस्थान, जितेंद्र सिंह तोमर जिला परियोजना समन्वयक नवाचार संस्थान, भागवत सिंह चारण रेड एंड रेस्क्यू ऑफिसर, हेमंत सिंह सिसोदिया परियोजना समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं निर्मला पुरोहित काउंसलर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से समाज को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया गया।