आसींद क्षेत्र में लेपर्ड की दहशत, सीसीटीवी में कैद मूवमेंट, कटार गांव में मिला शव
भीलवाड़ा। आसींद क्षेत्र में लेपर्ड की लगातार गतिविधियों से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। सोमवार देर रात एक लेपर्ड सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ, वहीं मंगलवार सुबह कटार गांव में तेंदुए का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सोमवार रात करीब 9 बजे वार्ड नंबर 1 भेरू खेड़ा निवासी भंवरलाल गुर्जर के घर के बाहर लेपर्ड की मूवमेंट देखी गई। लेपर्ड गांव की गलियों में घूमता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले इसी गांव में लेपर्ड द्वारा एक बकरी का शिकार किए जाने की घटना भी सामने आई थी।
लेपर्ड की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से लेपर्ड को पकड़ने अथवा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वन विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
इधर मंगलवार सुबह आसींद क्षेत्र के कटार गांव में श्मशान भूमि के पीछे एक मृत लेपर्ड मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीण हरीश तिवारी सहित अन्य लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही पटवारी एवं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। वन विभाग ने लेपर्ड के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। विभाग की ओर से लेपर्ड की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।