अंसल सुशांत सिटी की मुख्य सड़क पर अवैध कब्जे और तोड़फोड़ का आरोप, जिला कलेक्टर से की शिकायत

Update: 2026-02-03 07:42 GMT

भीलवाड़ा । अंसल सुशांत सिटी के निवासियों एवं प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर भीलवाड़ा को एक शिकायत पत्र सौंपकर अंसल सुशांत सिटी गेट नंबर 1 की मुख्य सड़क पर अवैध कब्जे, सड़क तोड़ने और अंसल प्रबंधन की मनमानी का गंभीर आरोप लगाया है।

शिकायत में बताया गया कि गेट नंबर 1 की यह मुख्य सड़क पिछले 21 वर्षों से सार्वजनिक आवागमन का प्रमुख मार्ग रही है, लेकिन वर्तमान में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अंसल प्रबंधन की मिलीभगत से इस पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। कब्जे के उद्देश्य से सड़क को कई स्थानों से खोद दिया गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

निवासियों का कहना है कि अंसल सुशांत सिटी का मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर 1 कॉलोनी के मूल प्रोजेक्ट और विज्ञापनों में दर्शाई गई भव्यता का प्रतीक है। प्रवेश द्वार के दोनों ओर बने मुख्य पिलर और उनमें लगे झरने पिछले 20 वर्षों से कॉलोनी की पहचान और सुंदरता का हिस्सा रहे हैं। इन पिलरों के नीचे बने स्टोर में हेवी लाइटिंग के तार और संयोजन किए गए हैं, जिससे संरचना का विशेष महत्व है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि API अंसल प्रॉपर्टी वर्तमान में दिवालिया हो चुकी है और उसके लिए CIRP नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पूर्व में अंसल द्वारा ग्रीनरी क्षेत्र को अवैध रूप से विक्रय करने के मामले में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश भी पारित किए जा चुके हैं।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जब वे इस अवैध कब्जे का विरोध करते हैं तो अंसल प्रबंधन कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता, बल्कि उनकी भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। उनका कहना है कि इस प्रकार के अन्य मामले भी भविष्य में सामने आ सकते हैं।

निवासियों ने बताया कि इस अवैध कब्जे से न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि यह टाउनशिप के स्वीकृत मानचित्र का उल्लंघन होने के साथ-साथ नागरिकों के जीवन जीने के अधिकार से भी जुड़ा गंभीर मामला है। अंसल में सड़क, बिजली और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर पहले भी जिला प्रशासन, नगर विकास न्यास के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार निवेदन किया जा चुका है।

अंत में निवासियों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, मुख्य सड़क से अवैध कब्जा तत्काल हटवाया जाए तथा सड़क तोड़ने वाले दोषियों और अंसल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Tags:    

Similar News