भीलवाड़ा। आस्था, भक्ति और सेवा का प्रतीक फाल्गुन महोत्सव 2026 इस वर्ष 22 फरवरी को विशाल रक्तदान शिविर के साथ भव्य शुभारंभ करेगा। इस महोत्सव का आयोजन श्री श्याम सेवा समिति (रजि.) काशीपुरी धाम द्वारा किया जा रहा है और तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। पूरे क्षेत्र में श्याम भक्ति का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
समिति के अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने बताया कि फाल्गुन मास भगवान श्री श्याम को अत्यंत प्रिय है। विशेष रूप से फाल्गुनी एकादशी का दिन श्याम भक्तों के लिए श्रद्धा और भक्ति का पर्व माना जाता है। इस पावन अवसर पर सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना और सेवा से बाबा श्याम भक्तों की मनोकामनाएँ पूरी करते हैं। यही कारण है कि देशभर में फाल्गुन महोत्सव बड़े धूमधाम और भव्यता से मनाया जाता है।
काशीपुरी धाम, भीलवाड़ा में भी यह महोत्सव प्रतिवर्ष खाटू श्याम जी की तर्ज पर आयोजित होता है। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट, रंग-बिरंगे फूलों और विशेष श्रृंगार से सजाया जाता है। भजन संध्या, कीर्तन, महाप्रसादी, विशेष पूजा-अर्चना और फाल्गुनी एकादशी के दिव्य कार्यक्रम भक्तों को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करते हैं।
मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव की शुरुआत सेवा कार्य से करते हुए 22 फरवरी को विशाल रक्तदान शिविर रखा गया है। उन्होंने सभी श्याम भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की और कहा कि “रक्तदान महादान” है। यह किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने और बाबा श्याम को रिझाने का सबसे पवित्र माध्यम है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि रक्त की प्रत्येक बूंद समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक होगी। रक्तदान शिविर के माध्यम से महोत्सव का शुभारंभ कर समिति ने यह संदेश दिया है कि भक्ति के साथ सेवा भी उतनी ही आवश्यक है।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी काशीपुरी धाम में फाल्गुन महोत्सव श्रद्धा, भव्यता और अनुशासन के साथ मनाया जाएगा। समिति ने सभी श्याम भक्तों से आग्रह किया है कि वे रक्तदान शिविर में भाग लेकर पुण्य अर्जित करें और फाल्गुनी एकादशी सहित सभी धार्मिक कार्यक्रमों में उपस्थित होकर महोत्सव को ऐतिहासिक और सफल बनाएं।
