तीन माह से वेतन नहीं: भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय के नर्सिंग कर्मियों ने खोला मोर्चा
भीलवाड़ा। महात्मा गांधी चिकित्सालय में पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने से नाराज नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ ने अब आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी है। सोमवार को राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के नेतृत्व में कर्मचारियों ने विरोध का नया तरीका अपनाते हुए राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का घेराव किया और एक साथ 200 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं।
ब्याज पर कर्ज लेकर चल रहा घर
एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक फरीद मोहम्मद रंगरेज ने बताया कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज से संबद्ध इस चिकित्सालय के कर्मियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन के अभाव में कर्मचारियों के सामने घर चलाने का संकट खड़ा हो गया है। राशन, दूध, सब्जी और बैंक की किस्तों के भुगतान के लिए कर्मियों को भारी ब्याज पर कर्ज लेना पड़ रहा है। शहर अध्यक्ष लाल सिंह राठौड़ ने इसे श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन बताया है।
प्रशासन को दी चेतावनी
सोमवार को हुए इस अभियान के दौरान सुनील पोरवाल, सिराज खान, राजेश जोशी, रेहान अंसारी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सा कर्मी मौजूद रहे। संगठन ने साफ कर दिया है कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं होता है, तो कर्मचारी अब सीधे कानूनी रास्ता अख्तियार करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि आगामी दिनों में होने वाले किसी भी बड़े आंदोलन या कार्य बहिष्कार की समस्त जिम्मेदारी चिकित्सा विभाग और स्थानीय प्रशासन की होगी।