नगर निगम में बदलाव से पहले महापौर करेंगे सर्किलों पर प्रतीक चिह्नों का लोकार्पण

Update: 2026-02-05 09:00 GMT

भीलवाड़ा।  नगर निगम के वर्तमान भाजपा बोर्ड का अंतिम दिन 6 फरवरी, शुक्रवार को है। सात फरवरी, शनिवार को महापौर राकेश पाठक निवर्तमान हो जाएंगे। उसके बाद जिला कलेक्टर नगर निगम की कमान प्रशासक के रूप में संभालेंगे।

इससे पहले महापौर राकेश पाठक शहर के तीन सर्किलों पर प्रतीक चिह्नों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वे कुछ और लोकार्पण कार्यक्रमों में भी शामिल हो सकते हैं। नगर निगम ने शहर सौंदर्यीकरण के तहत इन सर्किलों पर धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाले प्रतीक लगवाए हैं।

ब्राह्मण समाज के आराध्य भगवान परशुराम जी के नाम से जेल चौराहे पर बने सर्किल पर 36 फीट ऊंचा फरसा लगाया गया है। इसका लोकार्पण आज शाम 4.15 बजे होगा। इससे ब्राह्मण समाज में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

माहेश्वरी समाज के आराध्य देव भगवान महेश के प्रतीक चिह्न त्रिशूल का लोकार्पण 6 फरवरी को सुबह 9 बजे महेश सर्किल चौराहे पर किया जाएगा। महापौर राकेश पाठक की अध्यक्षता में सांसद दामोदर अग्रवाल, महासभा के पूर्व सभापति रामपाल सोनी और विधायक अशोक कोठारी मुख्य अतिथि रहेंगे।

शास्त्रीनगर पुरानी पुलिस चौकी सर्किल पर महाकाल के त्रिनेत्र स्थापित किए गए हैं। इस चौराहे का नाम अब त्रिनेत्र सर्किल रखा जाएगा। इसका लोकार्पण 6 फरवरी को सुबह 11.30 बजे किया जाएगा। तीनों कार्यक्रमों की अध्यक्षता महापौर राकेश पाठक करेंगे। ये प्रतीक जयपुर की फर्म भारती शिल्पकार कंपनी से बनवाए गए हैं।

Tags:    

Similar News