रंगों और सृजन का उत्सव: अल्य मिस्त्री की कला प्रदर्शनी का शुभारंभ

Update: 2026-02-24 07:33 GMT

भीलवाड़ा। शहर के शास्त्री नगर स्थित दीपिका आर्ट एकेडमी में सोमवार सायं कलाकार अल्य मिस्त्री की चित्रकला एवं मूर्ति कला प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ। नवदीप तथा गुजरात ललित कला अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि दिव्य बंगर (सीईओ, ब्रजेश बांगड़ मेमोरियल हाॅस्पिटल) ने फीता काटकर किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विनीता गर्ग (संस्थापक, भीलवाड़ा सोशल क्रू), सम्मानित अतिथि के रूप में डाॅ. प्रतिष्ठा छीपा (कंसल्टेंट आॅप्थाल्मोलाॅजिस्ट एवं ग्लूकोमा स्पेशलिस्ट) तथा अतुल पाडिया (संस्थापक, आर्ट डे फोटो एवं नेशनल आर्ट एसोसिएशन) उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कलाकार की सृजनात्मकता की सराहना की।

कला आत्मा की अभिव्यक्ति है: अल्य मिस्त्री

उद्घाटन अवसर पर कलाकार अल्य मिस्त्री ने कहा कि कला उनके लिए केवल रंगों और आकारों का संयोजन नहीं, बल्कि आत्मा की अभिव्यक्ति है। उन्होंने बताया कि उनकी चित्रकृतियों और मूर्तियों में सामाजिक सरोकार, प्रकृति, मानवीय भावनाएं और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि कला समाज को जोड़ने और संवेदनशील बनाने का सशक्त माध्यम है।

कला समाज को संवेदनशील बनाती है:दृअतिथि

मुख्य अतिथि दिव्या बांगड़ ने कहा कि कला व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है और समाज में सौहार्द का वातावरण बनाती है। विशिष्ट अतिथि विनीता गर्ग ने कहा कि ऐसे आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं और युवा प्रतिभाओं को प्रेरणा देते हैं।

डाॅ. प्रतिष्ठा छीपा ने कला को मानसिक स्वास्थ्य से जोड़ते हुए कहा कि चित्रकला और सृजनात्मक गतिविधियां व्यक्ति के मन को शांति और संतुलन प्रदान करती हैं। वहीं अतुल पाडिया ने कलाकार अल्य मिस्त्री की रचनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी कृतियों में परंपरा और आधुनिकता का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।

आयोजक दीपिका पाराशर ने बताया कि यह प्रदर्शनी 23 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में विविध विषयों पर आधारित चित्रकृतियां एवं आकर्षक मूर्तियां प्रदर्शित की गई हैं, जो कला प्रेमियों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही हैं।

यह प्रदर्शनी दीपिका आर्ट एकेडमी, जाट भवन के सामने, सूर्य महल रोड, शास्त्री नगर, भीलवाड़ा में आयोजित की जा रही है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कला के इस उत्सव का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।

Similar News