ईएसआईसी के 75वें स्थापना दिवस पर सह-जागरूकता कार्यशाला आयोजित

Update: 2026-03-06 11:48 GMT

भीलवाड़ा। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार अपराह्न मेवाड़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री के सहयोग से एक सह-जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य जिले के विभिन्न उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों, उनके आश्रितों और उद्योग प्रबंधन को ईएसआईसी की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में उद्योगों के एचआर हेड, कर्मचारी और उनके आश्रित बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यशाला में ईएसआईसी के उपक्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर के निदेशक निखिल कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से निगम की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए ईएसआईसी आश्रित जनहित लाभ, निःशक्तता हित लाभ, चिकित्सा हितलाभ, मातृत्व हितलाभ और कोविड राहत योजना सहित कई सुविधाएं संचालित करता है।

ईएसआईसी उदयपुर के संयुक्त निदेशक दीपक चौरसिया ने कहा कि भीलवाड़ा जिले में कार्यरत कर्मचारियों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। निगम की टीम “हम आपके द्वार” की भावना के साथ उद्योगों तक पहुंचकर कर्मचारियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकेश तिवाड़ी ने ईएसआई चिकित्सालय और अधीन संचालित डिस्पेंसरियों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और उपचार प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

ईएसआई शाखा भीलवाड़ा के शाखा प्रबंधक ललित किशोर महावर ने भीलवाड़ा शाखा में उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देते हुए विभिन्न लेबर कोड, पंजीयन प्रक्रिया और योजनाओं के लाभ प्राप्त करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यशाला के दौरान अधिकारियों ने उद्योग प्रतिनिधियों, एचआर अधिकारियों और कर्मचारियों के सवालों के संतोषजनक उत्तर दिए तथा सभी से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

ईएसआईसी की प्रमुख योजनाएं:

आश्रित जनहित लाभ

निःशक्तता हित लाभ

चिकित्सा हित लाभ

मातृत्व हित लाभ

कोविड राहत योजना

श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी अन्य सुविधाएं

Tags:    

Similar News

RTE एडमिशन: अभिभावकों को बड़ी राहत,: अब 10 मार्च तक कर सकेंगे आवेदन; 12 को निकलेगी लॉटरी