भक्ति के रंग: राधा कृष्ण मंदिर में गूंजे फाग के गीत, महिलाओं ने खेली फूलों की होली

Update: 2026-03-06 12:17 GMT



भीलवाड़ा  - शहर की काशीपुरी वकील कॉलोनी के राधा-कृष्ण मंदिर में फाल्गुन मास के उल्लास के बीच 'फाग महोत्सव' का भव्य आयोजन किया गया। भक्ति और उत्साह के इस संगम में महिलाओं ने भजनों की मधुर धुनों पर नृत्य किया और फूलों व गुलाल के साथ होली खेलकर माहौल को पूरी तरह फागुनी रंग में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान राधा-कृष्ण के विशेष श्रृंगार और गणेश वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात महिलाओं ने "होली खेल रहे बांके बिहारी..." और "आज बिरज में होली रे रसिया..." जैसे पारम्परिक फाग गीतों की प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे। मंदिर परिसर 'राधे-राधे' के जयकारों से गुंजायमान रहा और अंत में भगवान को छप्पन भोग लगाकर महाआरती की गई। इस धार्मिक आयोजन में कॉलोनी की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महोत्सव के दौरान प्रियंका नागोरी, मंजू तंबोली, चन्ना तंबोली, राजकुमारी तंबोली, शारदा , सीमा भदादा, अंजू अग्रवाल, पवन ओझा, ममता सोनी अनिता अग्रवाल, मीना अग्रवाल, मेना कोठारी, तुलसा सहित कई अन्य महिलाएँ व श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया और महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं।

Similar News

RTE एडमिशन: अभिभावकों को बड़ी राहत,: अब 10 मार्च तक कर सकेंगे आवेदन; 12 को निकलेगी लॉटरी