ओलंपिक 2036 का सपना: भीलवाड़ा के नन्हें खिलाड़ी अब मैदान में दिखाएंगे दम

Update: 2026-02-17 10:24 GMT

भीलवाड़ा। खेल की दुनिया में भीलवाड़ा का नाम रोशन करने और वर्ष 2036 के ओलंपिक में स्थानीय प्रतिभाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विशेष मुहिम का आगाज हुआ है। विधायक अशोक कुमार कोठारी की प्रेरणा से शुरू हुई 'विधायक खेल विकास योजना' के तहत अब शहर के 3 से 13 वर्ष तक के बच्चों को तराशा जाएगा।

मोबाइल और फास्ट फूड के दौर में खेलों से जुड़ाव

योजना के संयोजक विवेक निमावत और कोच अजीत जैन ने बताया कि वर्तमान समय में बच्चे मोबाइल, टीवी और इंटरनेट के जाल में फंसते जा रहे हैं। इस योजना का मुख्य लक्ष्य बच्चों को इन आदतों से दूर कर खेलों के माध्यम से एक स्वस्थ और अनुशासित भविष्य देना है। विधायक कोठारी के निर्देश पर शहर में छह खेल मैदान तैयार किए गए हैं, जहाँ प्रशिक्षित कोच बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं।

संसाधनों के अभाव में नहीं थमेगा टैलेंट

संयोजक निमावत ने कहा कि अक्सर आर्थिक रूप से कमजोर बच्चे संसाधनों की कमी के कारण पीछे रह जाते हैं। इस विडंबना को दूर करने के लिए मैदान और कोच के साथ-साथ खेल सामग्री और नियमित प्रतियोगिताओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने भीलवाड़ा के सभी स्कूलों, समाजों और संस्थाओं से अपील की है कि वे जमीनी स्तर पर बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए आगे आएं।

जनसहभागिता से साकार होगा सपना

विधायक कोठारी का विजन है कि भीलवाड़ा को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान मिले। ओलंपिक 2036 में भीलवाड़ा के खिलाड़ी देश का नाम गौरवान्वित करें, इसके लिए सामूहिक प्रयासों और जनसहभागिता की महती आवश्यकता है।

Tags:    

Similar News