भू-माफियाओं के चंगुल से मुक्त हुई 15 करोड़ की सरकारी जमीन, नगर निगम का बड़ा एक्शन
भीलवाड़ा। शहर के सौ फीट रोड स्थित मालोला चौराहे पर भू-माफियाओं द्वारा किए गए करोड़ों के अतिक्रमण पर सोमवार को नगर निगम ने कड़ा प्रहार किया। करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य की बेशकीमती सरकारी भूमि को निगम की टीम ने भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुँचकर अतिक्रमण मुक्त कराया।
साजिश के तहत किया गया था कब्जा
जानकारी के अनुसार, मालोला चौराहे के पास स्थित इस बेशकीमती एक बीघा दो बिस्वा जमीन पर पिछले कुछ समय से भू-माफियाओं की नजर थी। माफियाओं ने योजनाबद्ध तरीके से यहाँ अवैध निर्माण और बाउंड्री वॉल खड़ी कर जमीन को अपने कब्जे में ले लिया था। स्थानीय स्तर पर जमीन की बढ़ती कीमतों को देखते हुए इसे खुर्द-बुर्द करने की तैयारी चल रही थी।
पीला पंजा देख सहमे अतिक्रमणकारी
शिकायत की पुष्टि होने के बाद नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर प्रवर्तन दस्ते की टीम बुलडोजर (जेसीबी) और संसाधनों के साथ मौके पर पहुँची। शुरुआत में कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के आगे भू-माफियाओं के हौसले पस्त हो गए। निगम की टीम ने अवैध रूप से बनाए गए ढांचों और घेराबंदी को ध्वस्त कर दिया।
कड़ी चेतावनी जारी
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। निगम अब शहर के अन्य हिस्सों में भी चिह्नित की गई जमीनों से अतिक्रमण हटाने की योजना बना रहा है। इस कार्रवाई के बाद से भू-माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
मौके पर रहे मौजूद
कार्यवाही के दौरान सुरेश गर्ग सहायक अभियंता,रामेश्वर गुर्जर कनिष्ठ अभियंता, अतिक्रमण प्रभारी संजय खोखर सहित निगम का जाप्ता ओर गांधी नगर थाने का जाप्ता मौजूद रहा।
