दुर्गा शक्ति अखाड़ा की 74वीं शाखा का शुभारंभ, बालिकाओं को आत्मरक्षा और संस्कारों की शिक्षा
भीलवाड़ा। शहर के महिला आश्रम स्कूल के पास मालीखेड़ा स्थित अशोक नगर पार्क में आज दुर्गा शक्ति अखाड़ा की 74वीं शाखा का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बालिकाओं व महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अखाड़ा प्रारंभ होने के साथ ही बालिकाओं को तलवार घुमाने, लकड़ी चलाने सहित शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके माध्यम से उन्हें आत्मरक्षा के साथ अनुशासन, साहस और आत्मविश्वास की शिक्षा भी मिलेगी। अखाड़े का उद्देश्य घर-घर बालिकाओं को खेलकूद से जोड़ना और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता फैलाते हुए नवचेतना का संचार करना है। इस पहल से बेटियां मजबूत, आत्मनिर्भर और संस्कारवान बनेंगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। अखाड़े की शुभारंभ में कविता, मुस्कान, भावना, मोहनी, सीता देवी, कृष्णा देवी, संगीता देवी, मोहनी देवी, कविता देवी आदि मातृशक्ति भी उपस्थित थी।