भीलवाड़ा में महाष्टमी की धूम: 'जय माता दी' के जयकारों से गूंजा शहर, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
भीलवाड़ा (मूलचन्द पेसवानी)। चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के पावन पर्व पर गुरुवार को भीलवाड़ा शहर पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और हर ओर माता के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। सिंधी समाज के मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने बताया कि शहर के प्रमुख शक्तिपीठों और मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
सिंधु नगर स्थित श्री नवदुर्गा शक्ति मंदिर, वैभव नगर के दुर्गा माता मंदिर, गोकुलम विलाज के हिंगलाज माता मंदिर और खत्री कॉलोनी के मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ यज्ञ-हवन किया गया। इस दौरान कन्या पूजन कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, शाम की सब्जी मंडी स्थित झूलेलाल मंदिर में 19 मार्च से जारी अनुष्ठानों के क्रम में आठवें दिन विशाल यज्ञ और कन्या पूजन के बाद भव्य प्रसादी का आयोजन हुआ।
शहर के विभिन्न स्थानों पर सजे पांडालों में दिनभर भजन-कीर्तन का दौर चला। यज्ञ में आहुति देने और सेवा कार्यों में हाथ बंटाने के लिए भक्तों में भारी उत्साह देखा गया। इन कार्यक्रमों में नारायण जेठानी, गोर्धन जेठानी, नानकराम जेठानी, महाराज बाबूलाल शर्मा, खेमचंद कान्जानी, हेमन भोजवानी, मोहन तुल्सियानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और मातृशक्ति उपस्थित रही। पूरा शहर आस्था और उल्लास के संगम से सराबोर नजर आया।