कलश यात्रा के साथ 27 से गूंजेगा भागवत का शंखनाद, गोवत्स राधाकृष्ण का भीलवाड़ा आगमन

Update: 2026-03-26 11:37 GMT

भीलवाड़ा । परम पूज्य माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान और श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'श्री भागवत समरसता महोत्सव' का भव्य शुभारंभ शुक्रवार, 27 मार्च को होने जा रहा है। नौगांवा क्षेत्र में भक्ति की सरिता बहाने के लिए जोधपुर के विख्यात कथावाचक गोवत्स श्री राधाकृष्ण महाराज हैदराबाद से जयपुर होते हुए प्रातः 8 बजे भीलवाड़ा पहुंचेंगे।

501 महिलाएं निकालेंगी मंगल कलश यात्रा

महोत्सव का औपचारिक आगाज प्रातः 11 बजे नौगांवा चारभुजा मंदिर से होगा। कार्यक्रम संयोजक मनीष बहेड़िया एवं सोहनलाल गहलोत ने बताया कि यहाँ से ठाकुर जी के भव्य बेवाण के साथ 501 सौभाग्यवती महिलाएं मंगल कलश धारण कर सांवरिया सेठ मंदिर कथा स्थल तक पदयात्रा करेंगी। दोपहर 1 बजे से महाराज श्री के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का अमृतपान शुरू होगा।

प्रदर्शनी में दिखेगा 23 वर्षों का गो-सेवा सफर

इस पावन अवसर पर संस्थान की रसायनशाला में एक विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया जाएगा। मधुसूदन बहेड़िया के अनुसार, इस प्रदर्शनी में पिछले 23 वर्षों के दौरान किए गए गो-उत्पाद निर्माण, गो-संरक्षण के प्रयासों और मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की स्मृतियों को चित्रों के माध्यम से सजीव किया गया है।

श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क बस सुविधा

शहर से आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। शुक्रवार को सुबह 9:00 बजे और उसके बाद प्रतिदिन दोपहर 12 बजे रामधाम (हमीरगढ़ रोड) से निशुल्क बसें संचालित की जाएंगी। ये बसें शहर के प्रमुख चौराहों से होती हुई श्रद्धालुओं को नौगांवा कथा स्थल तक पहुँचाएंगी।

Tags:    

Similar News