भीलवाड़ा में आज से सेवा का महाकुंभ: 2000 से अधिक दिव्यांगों का हुआ पंजीयन, मौके पर ही लगेंगे कृत्रिम हाथ-पांव

Update: 2026-02-11 12:05 GMT



भीलवाड़ा । मानवता की सेवा और परोपकार के संकल्प के साथ वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में गुरुवार से दिव्यांग सेवा का एक विशाल दरबार सजने जा रहा है। भारत विकास परिषद (स्वामी विवेकानंद शाखा) और श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (जयपुर) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह 56वां नि:शुल्क विशाल कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं उपकरण वितरण शिविर काशीपुरी-वकील कॉलोनी स्थित माहेश्वरी भवन में प्रारंभ होगा।

लक्ष्य पार: 2000 से अधिक दिव्यांग उठाएंगे लाभ

स्व. श्री मनीष काबरा की द्वितीय पुण्यतिथि की स्मृति में आयोजित इस शिविर को लेकर उत्साह का आलम यह है कि पंजीयन का आंकड़ा 2000 के पार पहुँच चुका है। आयोजकों ने बताया कि शिविर में जयपुर फुट (कृत्रिम पैर), कृत्रिम हाथ, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, कैलिपर्स, श्रवण यंत्र (कान की मशीन) और दृष्टिबाधितों के लिए इलेक्ट्रॉनिक छड़ी प्रदान की जाएगी। साथ ही दंत चिकित्सा की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

53 वर्षों का अनुभव और 40 लाख लाभार्थियों का साथ

भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से पिछले 53 वर्षों से देश-विदेश में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अब तक लगभग 40 लाख लोग लाभान्वित हो चुके हैं। इस विशाल सेवा यज्ञ का संचालन पद्म भूषण पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. डी.आर. मेहता की प्रेरणा और मार्गदर्शन में किया जा रहा है। समिति के फाइनेंसिंग मैनेजिंग डायरेक्टर जे.एस. पारीक ने भीलवाड़ा की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उत्कृष्ट व्यवस्था पहली बार देखने को मिल रही है।

प्रशासनिक सहयोग: मौके पर बनेंगे सर्टिफिकेट और पास

दिव्यांगों की सुविधा के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। शिविर स्थल पर ही जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। रोडवेज पास की सुविधा मौके पर ही उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग द्वारा सभी दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति

शुभारंभ गुरुवार प्रातः 10:15 बजे जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू मुख्य अतिथि होंगे। महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन का आशीर्वाद प्राप्त होगा। अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी करेंगे। शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। समापन 14 फरवरी दोपहर 3 बजे होगा। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत एवं सांसद दामोदर अग्रवाल होंगे। विधायक अशोक कोठारी व चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

अपील: बिना पंजीकरण वाले भी पहुँचें

परिषद के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, सचिव के.जी. सोनी व वित्त सचिव आदित्य मानसिंहका ने बताया कि शिविर के लिए भारी मात्रा में निर्माण सामग्री और मोबाइल वैन पहुँच चुकी है। विशेषज्ञ मौके पर ही माप लेकर कृत्रिम अंग तैयार करेंगे। जिन दिव्यांगों ने अभी तक पंजीयन नहीं कराया है, वे भी सीधे शिविर स्थल पहुंचकर लाभ उठा सकते हैं। रजनीकांत आचार्य ने बताया कि नरेंद्र नवाल, घनश्याम हेडा, सुरेश बिडला भी शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।

(गिरीश अग्रवाल)

अध्यक्ष

*​॥ आमंत्रण ॥*

*​"सेवा का महाकुंभ" - 56वां विशाल नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर*

*​मान्यवर संपादक/संवाददाता महोदय*

*मानवता की सेवा और दिव्यांगजनों के जीवन में नया सवेरा लाने के पावन संकल्प के साथ भारत विकास परिषद (स्वामी विवेकानंद शाखा) एवं श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर द्वारा एक अनूठे सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।*

*वस्त्र नगरी भीलवाड़ा के इस पुनीत प्रकल्प में विशेषज्ञों द्वारा मौके पर ही कृत्रिम हाथ-पांव तैयार कर दिव्यांगों को फिट किए जाएंगे।*

*​इस मानवीय संवेदना से जुड़े 'सेवा महाकुंभ' के व्यापक प्रचार-प्रसार और कवरेज हेतु आप सादर आमंत्रित हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ 12 फरवरी (गुरुवार) प्रातः 10:15 बजे, माहेश्वरी भवन (काशीपुरी-वकील कॉलोनी, भीलवाड़ा) में होगा। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू होंगे तथा महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन जी का मंगलमय आशीर्वचन प्राप्त होगा। आपकी गरिमामयी उपस्थिति प्रार्थनीय है।*

Similar News