जोगणिया माता शक्तिपीठ में 26 मार्च को महारात्रि जागरण, राजपरिवार सहित गणमान्यजन पहुंचे दर्शन को
लाडपुरा [ शिव लाल जांगिड़ ] क्षेत्र के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक आस्था के केंद्र जोगणिया माता शक्तिपीठ मंदिर परिक्षेत्र में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर 26 मार्च को महारात्रि जागरण के अवसर पर पूरी रात्रि दर्शन का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
इसी क्रम में बूंदी राजपरिवार के महाराव राजा वंशवर्धन सिंह जी ने मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए। उनके आगमन पर संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी द्वारा पारंपरिक रीति से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
महाराव राजा ने वेद विद्यालय के बटुकों एवं वैदिक विद्वानों के मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से षोडशोपचार पूजा-अर्चना की तथा सायं कालीन आरती में चंवर सेवा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इस अवसर पर महेंद्र सिंह उलेड़ा, पुरुषोत्तम पारीक, राजवीर सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। साथ ही उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया एवं नायब तहसीलदार विष्णु लाल यादव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
वहीं, घुमंतू बोर्ड के अध्यक्ष बाबूलाल बंजारा ने भी जोगणिया माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने उनका स्वागत करते हुए घुमंतू जनजातियों को मुख्यधारा से जोड़ने एवं उनके समग्र विकास के लिए विशेष प्रयास करने का आग्रह किया।
बाबूलाल बंजारा ने बताया कि राजस्थान एवं मध्यप्रदेश में लगभग 36 प्रकार की घुमंतू जनजातियां निवास करती हैं, जिनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
नवरात्र महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। इसी क्रम में जोगणियां माता के रामलीला मैदान में स्थापित रंगमंच पर वृन्दावन के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित भव्य रामलीला का मंचन किया गया। प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से आयोजित हो रही इस रामलीला को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
नवरात्र महोत्सव का समापन 27 मार्च को यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ होगा। मेले के दौरान श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए झूले, चकरी तथा विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई।
