चैत्र नवरात्र पर जोगणियां माता शक्तिपीठ में पंचकुंडीय शतचंडी महायज्ञ का आयोजन
लाडपुरा ( शिव लाल जांगिड़ ) क्षेत्र स्थित श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ मंदिर परिक्षेत्र में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर भव्य पंचकुंडीय शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन महायज्ञ के अंतर्गत श्रीमद् देवी भागवत मूल पारायण, श्रीरामचरितमानस पारायण तथा नवार्ण महामंत्र जप जैसे पवित्र अनुष्ठान विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हो रहे हैं। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति का वातावरण व्याप्त है।
इस विशेष आयोजन में श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ वेद विद्यालय के बटुक भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। वेद विद्यालय के विद्यार्थी वेद मंत्रों के उच्चारण, जप एवं पारायण के माध्यम से महायज्ञ को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि ऐसे वैदिक अनुष्ठान समाज में धर्म, संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
चैत्र नवरात्रि के दौरान भगवती श्री जोगणियां माता जी के दर्शन हेतु प्रतिदिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है तथा भक्तगण यज्ञ, पाठ एवं जप में बढ़-चढ़कर सहभागिता कर रहे हैं।
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मेवाड़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ जोगणियां माता शक्तिपीठ में नवरात्र महोत्व के नौ दिवसीय अनुष्ठान जोगणियां माता शक्तिपीठ प्रबन्ध एवं विकास संस्थान के अध्यक्ष सत्य नारायण जोशी के नेतृत्व में आयोजित हो रहे है। आकर्षक विद्युत रोशनी से जगमग करता मन्दिर श्रद्धालुओं का मन मोह रहा है।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों और दीपमालाओं से सजाया गया, जिससे श्रद्धालुओं के लिए दृश्य अत्यंत मनोहारी बन गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ-साथ श्रृंगार का आनंद लिया और माता के प्रति अपनी भक्ति व्यक्त की। मंदिर के भव्य विद्युत श्रृंगार ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को उत्साहित किया और स्थानीय सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखा।
नवरात्र महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। इसी क्रम में जोगणियां माता के रामलीला मैदान में स्थापित रंगमंच पर वृन्दावन के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित भव्य रामलीला का मंचन भी प्रारम्भ हो गया है। प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से आयोजित हो रही इस रामलीला को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नवरात्र के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालु मन्दिर परिसर में चल रहे भव्य मन्दिर निर्माण कार्य की भी सराहना कर रहे हैं। यह निर्माण कार्य श्रद्धालुओं के सहयोग एवं मन्दिर में प्राप्त चढ़ावे की राशि से कराया जा रहा है। जो आस्था और जनसहभागिता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करता है।
मन्दिर की परिक्रमा पथ पर स्थित 64 योगिनी दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। इसके साथ ही मन्दिर के समीप स्थापित भारत माता की प्रतिमा न केवल धार्मिक आस्था बल्कि देशभक्ति की भावना को भी प्रकट करती है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठते हैं। चैत्र नवरात्र महोत्सव के चलते जोगणियां माता धाम इन दिनों आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केन्द्र बना हुआ है।
