मुनि प्रणम्य सागर का बिजौलिया में मंगल प्रवेश: बुराई में अच्छाई खोजना ही सच्ची इंसानियत, युवाओं को संस्कारों से जोड़ने का आह्वान

Update: 2026-03-26 17:04 GMT


बिजौलिया (भीलवाड़ा)। दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में आयोजित धर्म सभा को संबोधित करते हुए सुप्रसिद्ध दिगंबर जैन मुनि श्री प्रणम्य सागर महाराज ने मानव जीवन के अनमोल मूल्यों पर गहरा प्रकाश डाला। मुनि श्री ने कहा कि मनुष्य का पूरा जीवन अच्छाई और बुराई के बीच के द्वंद्व में ही बीत जाता है, लेकिन वास्तव में सच्चा इंसान वही है जो विषम परिस्थितियों और बुराई के भीतर से भी अच्छाई को खोज निकालने का हुनर रखता है।

युवाओं को रुचि के अनुरूप समझाएं धर्म की राह

आज के दौर में युवाओं के धर्म से कटाव पर चिंता व्यक्त करते हुए मुनि श्री ने कहा कि नई पीढ़ी को धर्म की पारंपरिक बातें आसानी से समझ नहीं आती हैं। उन्होंने समाज के प्रबुद्ध जनों से आह्वान किया कि युवाओं को उनकी समझ, भाषा और रुचि के अनुरूप माध्यमों से धर्म की शिक्षा दी जाए। यदि हम उन्हें सही दिशा दिखा पाने में सफल रहे, तभी वे जीवन में अच्छे संस्कारों को आत्मसात कर सकेंगे।

भव्य अगवानी और पदप्रक्षालन

इससे पूर्व मुनि संघ बिजौलिया तीर्थ क्षेत्र से पैदल विहार करते हुए बिजौलिया गांव की सीमा में पहुँचा। मुनि श्री के आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। गांव में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से मुनि श्री का पदप्रक्षालन किया और जयकारों के साथ उनकी भव्य अगवानी की।

दीप प्रज्वलन और मांगलिक क्रियाएं

धर्म सभा की शुरुआत सकल दिगंबर जैन समाज के गणमान्य नागरिक लाभचंद जैन, अनिल गोधा, मुकेश सोनी, वर्धमान जैन और मनोज ठग द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके पश्चात सुमित सेठिया ने आचार्य श्री के चरणों में मंगलमय संगीत की मधुर स्वर लहरियों के साथ अरग अर्पित किए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कल राज भवानी वाटिका में सजेगा 'अर्हम योग' का शिविर

धर्म सभा के समापन पर जानकारी दी गई कि मुनि संघ के पावन सान्निध्य और निर्देशन में शुक्रवार सुबह राज भवानी वाटिका में 'अर्हम योग' शिविर का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में मुनि श्री योग और ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति और शारीरिक स्वास्थ्य के सूत्रों के बारे में बताएंगे।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Similar News